देवरिया , अगस्त 08 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया जिला कारागार का शनिवार को औचक निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी मधुसूदन हुलगी और पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर ने सुरक्षा व्यवस्था और बंदियों की सुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिये हैं।

निरीक्षक के दौरान जिलाधिकारी ने महिला बैरक में महिला बंदियों के साथ रह रहे बच्चों को पौष्टिक आहार, नियमित टीकाकरण और अन्य सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। पाकशाला में मानक के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिये तथा विशेष सुरक्षा बैरकों में निगरानी बढ़ाने और जेल चिकित्सालय में भर्ती बीमार बंदियों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने अनावश्यक भर्ती पर रोक लगाने को भी कहा।

श्री हुलगी ने कम उम्र के बंदियों और महिला बंदियों को कौशल विकास योजनाओं से जोड़ने तथा "एक जेल एक उत्पाद" के उत्पादों की मार्केटिंग कर बंदियों को बाजार उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। 70 वर्ष से अधिक सिद्ध दोष पुरुष और 60 वर्ष से अधिक सिद्ध दोष महिला बंदियों की दया याचिका और समय पूर्व रिहाई का प्रस्ताव शासन को भेजने को कहा। विधिक सहायता न मिलने वाले बंदियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से अधिवक्ता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिये।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री शंकर ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने और प्रत्येक गतिविधि पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिये।निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक आशीष रंजन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित