देवरिया , अक्टूबर 18 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के पथरदेवा में कृषि सूचना तंत्र सुदृढ़ीकरण एवं कृषक जागरूकता कार्यक्रम योजना के तहत आयोजित दो दिवसीय क्षेत्रीय किसान मेले का समापन रविवार को हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने की। मुख्य अतिथि के रूप में इफको के चेयरमैन दिलीप संघानी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह उपस्थित रहे।कार्यक्रम में कृषि निदेशक उत्तर प्रदेश, लखनऊ डॉ. टी.एम. त्रिपाठी ने एक नवंबर से शुरू होने वाले खेत बचाओ अभियान के संबंध में किसानों को जानकारी दी। उन्होंने कृषि क्षेत्र से जुड़ी नवीन तकनीकों एवं कृषि संबंधी विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर प्रकाश डाला।
मेले में कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को उन्नत खेती की तकनीकों से अवगत कराया। कृषि निदेशालय, रहमानखेड़ा, लखनऊ के निदेशक डॉ. रमेश मौर्य तथा बीज विकास निगम, लखनऊ के निदेशक डॉ. आशुतोष मिश्रा ने कृषि विकास से जुड़े विषयों पर जानकारी दी। केवीके बस्ती के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. एस.के. तोमर ने तिलहनी फसलों की उत्पादकता बढ़ाने के उपाय बताए। जबकि कृषि विज्ञान केंद्र, मल्हना, भाटपाररानी के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. मान्धाता सिंह ने रबी सीजन 2026-27 की फसलों का उत्पादन बढ़ाने के लिये नवीन तकनीकों की जानकारी दी।
मेले में कृषि विज्ञान केंद्र महराजगंज, बेलीपार गोरखपुर, संतकबीरनगर एवं आजमगढ़ के वैज्ञानिकों ने स्टॉलों के माध्यम से किसानों को जानकारी उपलब्ध कराई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया। उद्यान, गन्ना, मत्स्य पालन एवं पशुपालन समेत 20 से अधिक विभागों ने अपने स्टॉल लगाकर किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, अनुदान एवं सुविधाओं की जानकारी दी। कृषि विभाग की ओर से कृषि यंत्रीकरण एवं इन-सीटू योजनाओं के अंतर्गत किसानों को विभिन्न कृषि यंत्र वितरित किये गये। कृषि विभाग, इफको एवं नूजीवीडू कंपनी की ओर से किसानों को निःशुल्क सरसों एवं सब्जियों के मिनी किट भी वितरित किये गये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित