देवरिया , अगस्त 23 -- उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के गौरीबाजार थाना क्षेत्र के गौरीबाजार स्थित रेलवे ओवरब्रिज पर रविवार को एक ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई जबकि उसका चाचा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गौरीबाजार भेजा गया।
पुलिस के अनुसार आज सुबह करीब साढ़े आठ बजे कौड़ीराम, गोरखपुर निवासी घनश्याम प्रजापति (50) पुत्र मुरारी प्रजापति अपने भतीजे देव प्रजापति (24) पुत्र राधेश्याम के साथ गौरीबाजार क्षेत्र के एक गांव में अपनी बहन के घर जा रहे थे। दोनों बाइक से रेलवे ओवरब्रिज पर चढ़े थे। इसी दौरान रुद्रपुर की ओर से आ रहे ट्रक ने बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बाइक सवार ट्रक की चपेट में आ गए जिससे देव प्रजापति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि घनश्याम प्रजापति गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल घनश्याम बांसगांव तहसील, गोरखपुर में कार्यरत बताए जा रहे हैं। इस संबंध में गौरीबाजार थानाध्यक्ष मृत्युंजय राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित