देवरिया , मार्च 02 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया में होली अवकाश के बावजूद मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने आधे दिन ओपीडी संचालित करने का निर्णय लिया है। मेडिकल कॉलेज के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. एच. के. मिश्रा ने बताया कि सोमवार और मंगलवार को सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक ओपीडी खुली रहेगी। पंजीयन काउंटर सुबह 11:30 बजे तक संचालित होगा। सोमवार को दोपहर 12 बजे तक ओपीडी में मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार प्रदान किया गया। हालांकि होली के दिन ओपीडी पूर्ण रूप से बंद रहेगी।
उन्होंने बताया कि आपातकालीन सेवाएं 24 घंटे जारी रहेंगी। इसके लिए प्रत्येक शिफ्ट में इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर (ईएमओ) सहित तीन डॉक्टरों और आवश्यक स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती की गई है। विशेषज्ञ चिकित्सक ऑन कॉल उपलब्ध रहेंगे। मरीजों की संभावित बढ़ती संख्या को देखते हुए 10 बेड का एक वार्ड भी आरक्षित किया गया है। प्रशासन का कहना है कि यह व्यवस्था पूरी तरह मरीजों की सुविधा और हित को ध्यान में रखकर की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित