रायपुर , अक्टूबर 16 -- छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के देवभोग में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओ) कार्यालय का संचालन नवनिर्मित भवन से शुरू कर दिया गया है। इसके साथ ही अब तक गरियाबंद से संचालित हो रहा यह कार्यालय देवभोग स्थानांतरित हो गया है।

विभाग से आज मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, देवभोग में कार्यालय भवन उपलब्ध नहीं होने के कारण लोक निर्माण विभाग के अनुविभागीय कार्यालय का संचालन गरियाबंद से किया जा रहा था। नए भवन का निर्माण पूरा होने के बाद 15 अक्टूबर से कार्यालय का कामकाज देवभोग में प्रारंभ कर दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने 10 अक्टूबर को गरियाबंद प्रवास के दौरान विभागीय कार्यों का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने देवभोग में नवनिर्मित अनुविभागीय कार्यालय का संचालन शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित