हल्द्वानी , अगस्त 08 -- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा है कि भाजपा सरकार ने अपनी नीतियों से उत्तराखंड को बर्बाद कर दिया है और अब पवित्र देवभूमि को भाजपा की तबाही से बचाने के लिए उसे सत्ता से उखाड़ फेंकना आवश्यक हो गया है।

श्री खरगे ने शनिवार को उत्तराखंड के हल्द्वानी में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के लोगों ने पवित्र देवभूमि को तबाह करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। उत्तराखंड भ्रष्टाचार और बेइमानी का अड्डा बन गया है इसलिए अब सभी को मिलकर इन्हें सत्ता से उखाड़ फेंकना होगा और उत्तराखंड की जनता को राज्य के हित में कांग्रेस को मजबूत करना ही होगा।

कांग्रेस अध्यक्ष ने उत्तराखंड की जनता से आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा को हराने का आह्वान करते कहा कि भाजपा का कमल कुम्हलाने लगा है और इसे बदलने की सख्त जरूरत है। उन्होंने कहा, "अब तो इस तालाब का पानी बदल दो, ये कमल के फूल कुम्हलाने लगे हैं। इन मुरझाए हुए फूलों को हटाकर राज्य में कांग्रेस की सरकार बनानी है और उत्तराखंड के साथ देश को आगे बढ़ाना है।"उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और जनता का आह्वान करते हुए कहा कि उत्तराखंड की इसी धरती से बदलाव की लहर उठनी चाहिए। इसी धरती से कांग्रेस की विजय का शंखनाद शुरू होगा और राज्य में कांग्रेस की सरकार बनेगी।

कांग्रेस अध्यक्ष ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी देश के संविधान को बचाने के लिए कन्याकुमारी से कश्मीर तक पैदल यात्रा करने का जिक्र करते हुए कहा कि वह लगातार युवाओं, किसानों, गरीबों तथा छात्रों की आवाज उठाते रहे हैं। श्री गांधी देश की जनता से मिलने और उसकी समस्याओं को समझने के लिए लगातार उनके बीच जाते हैं। उन्होंने सवाल किया कि भाजपा में ऐसा कौन-सा नेता है जो जनता के बीच जाकर उसकी समस्याएं सुनता है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को लेकर लगातार जमीन पर उतरने वाले नेता सिर्फ राहुल गांधी हैं।

श्री खरगे ने कहा कि भाजपा और आरएसएस ने देश की आजादी के संघर्ष में कोई योगदान नहीं दिया है लेकिन यही लोग आज आज कांग्रेस को देशभक्ति का पाठ पढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि असली देशभक्त कांग्रेस के लोग हैं और कांग्रेस ने हमेशा देशहित में काम करने के साथ लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित