देवबंद (सहारनपुर) , सितंबर 7 -- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के देवबंद में सोमवार को प्राचीन एवं ऐतिहासिक श्रीकृष्ण रथयात्रा धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ निकाली गई। करीब 109 वर्ष पुराने स्वर्णिम रथ, आकर्षक बैंड-बाजे, भव्य झांकियां, अखाड़े और कीर्तन मंडलियां शोभायात्रा में श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं।
श्रीकृष्ण रथयात्रा महोत्सव में भगवान के स्वर्णिम रथ पर सारथी बनकर सेवा करने का अवसर अजय गर्ग (सीए) और अमित गर्ग (बर्तन विक्रेता) ने 2,05,501 रुपये की सर्वाधिक बोली लगाकर प्राप्त किया। दाहिनी ओर चंवर की सेवा 31 हजार रुपये में विकास गर्ग (कैलाशपुरम) तथा बायीं ओर चंवर की सेवा 32,501 रुपये में राकेश कुमार गोयल ने प्राप्त की।
लड्डू गोपाल के प्रसाद रथ के सारथी की सेवा 62,501 रुपये में पंकज तायल और वरुण तायल (जोशीवाड़ा) ने प्राप्त की। दाहिनी ओर प्रसाद वितरण की सेवा 52,001 रुपये में स्वर्गीय पं. फकीर चंद शर्मा के पौत्र ओम शर्मा तथा बायीं ओर प्रसाद वितरण की सेवा 52,001 रुपये में संदीप जिंदल और हर्ष जिंदल (थानाभवन) ने प्राप्त की। प्रभु के रथ पर मुनीम की सेवा के लिए सौरभ मित्तल ने 16,001 रुपये की बोली लगाई।
श्रीकृष्ण रथशाला से ठाकुरद्वारा मंदिर तक स्वर्णिम रथ के सारथी की सेवा भारत भूषण गोयल (छिम्पीवाड़ा) ने 5,100 रुपये में तथा लड्डू गोपाल के प्रसाद रथ के सारथी की सेवा सौरभ मित्तल ने 3,100 रुपये में प्राप्त की। बोलियों का संचालन वरिष्ठ अधिवक्ता देवीदयाल शर्मा तथा बाद में राजीव गुप्ता और आशुतोष गुप्ता ने किया।
श्रीकृष्ण शोभायात्रा का शुभारंभ सपना गोयल और अजय गोयल (नोएडा) ने किया। रथशाला के शिखर पर धर्मध्वज की स्थापना मेपल्स एकेडमी के चेयरमैन अजय मित्तल और आलोक गर्ग ने की, जबकि धर्मध्वज पताका दून वैली स्कूल के चेयरमैन राजकिशोर गुप्ता और अनुराग सिंघल ने स्थापित की। प्रसाद वितरण प्रदीप बंसल और पुनीत बंसल आढ़ती की ओर से किया गया। लड्डू गोपाल रथ की आरती एवं प्रसाद वितरण नगर भाजपा अध्यक्ष अरुण गुप्ता ने किया।
शोभायात्रा सुबह छिम्पीवाड़ा स्थित वेद ज्ञान श्रीकृष्ण रथशाला में पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुई। वहां से भगवान के दोनों रथों को मुख्य बाजार स्थित ठाकुरद्वारा मंदिर ले जाया गया। ठाकुरद्वारा मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद शाम को बैंड-बाजों, भव्य झांकियों और कीर्तन मंडलियों के साथ विशाल शोभायात्रा निकाली गई।
शोभायात्रा तहसील ढाल, अनाज मंडी, तांगा स्टैंड, मुख्य बाजार, जनकपुरी और कायस्थवाड़ा स्थित श्रीराधा-वल्लभ मंदिर पहुंची, जहां उसका स्वागत और पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद यात्रा जीटी रोड, मंगलौर चौकी होते हुए श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवीकुंड मैदान पहुंची। वहां कंस वध के बाद शोभायात्रा शाहजीलाल, बस स्टैंड रोड और लहसवाड़ा चौक होते हुए वापस ठाकुरद्वारा मंदिर पहुंची और सोमवार तड़के करीब चार बजे संपन्न हुई।
शोभायात्रा में श्रीकृष्ण के रथ पर राघव गुप्ता, आशुतोष गुप्ता, नीतिश गोयल और योगेंद्र गोयल ने प्रसाद सहयोग किया। संपूर्ण उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल, देवबंद की ओर से शोभायात्रा में शामिल विभिन्न झांकियों, अखाड़ों और आयोजकों को सम्मानित कर प्रतीक चिह्न प्रदान किए गए।
इस अवसर पर व्यापार मंडल अध्यक्ष विवेक तायल, महामंत्री राजेश सिंघल, कोषाध्यक्ष राजेश अजमानी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रोबिन अग्रवाल, युवा अध्यक्ष वंशराज सिंघल, युवा महामंत्री पुष्कर वर्मा समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित