टिहरी , अप्रैल 25 -- उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के क्रम में टिहरी पुलिस ने देवप्रयाग में एक विदेशी महिला पर्यटक की सहायता प्रदान की। पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता से प्रभावित होकर महिला ने उत्तराखंड पुलिस की प्रशंसा की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 अप्रैल को विदेशी महिला नतालिया अपने मित्र विवेक के साथ बद्रीनाथ से ऋषिकेश की ओर टैक्सी से यात्रा कर रही थीं। देवप्रयाग क्षेत्र में यात्रा के दौरान टैक्सी चालक और यात्रियों के बीच किराये को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद दोनों पक्ष स्थानीय थाना पहुंचे।

थाना स्तर पर पुलिस ने दोनों पक्षों की बात शांतिपूर्वक सुनी और आवश्यक समझाइश देकर विवाद का समाधान कराया। इस दौरान विदेशी महिला ने संबंधित टैक्सी चालक के साथ आगे यात्रा करने में असहजता जताई और वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महिला के लिए दूसरी टैक्सी की व्यवस्था कराई, जिससे वह सुरक्षित रूप से अपनी यात्रा आगे जारी रख सकीं। इस सहयोग से संतुष्ट महिला पर्यटक ने पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

चारधाम यात्रा को देखते हुए टिहरी पुलिस यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और सम्मानजनक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए लगातार सक्रिय है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित