जयपुर , अगस्त 14 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी 80वें स्वतंत्रता दिवस पर शनिवार को विधानसभा भवन में प्रातः सवा आठ बजे झण्डारोहण करेंगे।
इस दौरान वह सलामी गारद का निरीक्षण भी करेंगे। इस अवसर पर मौजूद विधायक, पूर्व विधायक, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों को श्री देवनानी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देंगे।
इससे पहले श्री देवनानी सिविल लाईन स्थित अपने राजकीय आवास पर प्रातः 7:30 बजे झण्डारोहण करेंगे। श्री देवनानी कॉन्स्टिटयूशन क्लब ऑफ राजस्थान में प्रात 9:00 बजे झण्डारोहण करेंगे। वह प्रातः 9:10 बजे अमर जवान ज्योति पर पुष्प चक्र अर्पित कर देश को आजादी दिलाने वाले सभी स्वतंत्रता सेनानियों को नमन भी करेंगे।
श्री देवनानी ने देश को आजादी दिलाने वाले सभी स्वतन्त्रता सेनानियों का इस मौके पर श्रद्धा से स्मरण कर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि गर्व और समर्पण के साथ राष्ट्र के प्रति दायित्वों का निर्वहन करें और स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को साकार करें।
उन्होंने कहा कि अतीत के गौरव से राष्ट्र के भविष्य को गढे। स्वतन्त्रता सेनानियों की जीवनियों को पढ़ें। उनकी जीवनियां केवल ऐतिहासिक वृतांन्त ही नहीं है बल्कि वे साहस, सत्यनिष्ठा और एकता की शक्ति के पाठ है। बलिदान की कहानियों को युवाओं को सुनाना भी राष्ट्र भक्ति का कार्य है।
श्री देवनानी ने कहा कि राष्ट्र प्रथम है। हमें राष्ट्र के लिए अपने दायित्व निभाने है। ऐसे जिम्मेदार नागरिक तैयार करने हैं, जो स्वतन्त्रता के वास्तविक मूल्यों और राष्ट्र की एकता को बनाये रखने की भावना को समझ सके। उन्होंने कहा कि घर-घर में आजादी की कहानियों को गुंजायमान करके सशक्त भारत का निर्माण करने में प्रत्येक भारतीय सक्रिय भागीदारी निभाये। श्री देवनानी ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों के अनुरूप देश के चारों ओर की सामयिक स्थितियों के दृष्टिगत हम सभी को राष्ट्र रक्षा का संकल्प लेना होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित