जयपुर , जुलाई 30 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने गुरुवार को यहां विधानसभा के तीन कर्मियों सहायक लेखाधिकारी नरसी राम गुर्जर, सहायक कर्मचारी आनन्द व्यास और राजकुमार पंवार को सेवानिवृत्ति पर विदाई दी।
श्री देवनानी सेवानिवृत्त कर्मियों को साफा पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर भावभीनी विदाई दी। इस अवसर पर श्री देवनानी ने विधानसभा में सभी के प्रति समभाव बताया और कहा कि उनके अध्यक्ष रहते विधानसभा कर्मियों का यह 25वां सेवानिवृत्ति समारोह है। वह सभी समारोह में व्यक्तिशः मौजूद रहे है। इन समारोह की सुखद अनुभूति यह है कि यहां सहायक कर्मचारियों से लेकर अधिकारियों तक का सेवानिवृत्ति समारोह एक जैसा आयोजित किया जाता है और विधानसभा सचिवालय के सभी अधिकारी और कर्मचारी इन समारोह में मौजूद रहते हैं।
उन्होंने कहा कि विधानसभा में नियुक्ति पाना और सेवाएं देना गौरवपूर्ण है। उन्होंने विधानसभा कर्मियों का आह्वान किया कि वे विधानसभा की गरिमा को बनाये रखने वाले कार्य करें और विधानसभा को सर्वश्रेष्ठ बनाने में विधानसभा के प्रत्येक कर्मी का महत्वपूर्ण योगदान आवश्यक है। इस मौके पर विधानसभा के प्रमुख सचिव भारत भूषण शर्मा, विशिष्ट सहायक के. के. शर्मा, वरिष्ठ उपसचिव संजीव शर्मा, वित्तीय सलाहकार अपूर्व जोशी और राजस्थान विधानसभा कर्मचारी सहकारी साख समिति के अध्यक्ष रवि जैन सहित विधानसभा के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित