जयपुर , जून 05 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने उत्तराखंड प्रवास के दौरान शुक्रवार को श्री बद्रीनाथ धाम में दर्शन एवं पूजा-अर्चना राजस्थान सहित समस्त देशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली की कामना की।
श्री देवनानी ने भगवान बद्रीविशाल से राष्ट्र की उन्नति, सामाजिक समरसता, जनकल्याण एवं विश्व शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि श्री बद्रीनाथ धाम सनातन संस्कृति, आस्था और अध्यात्म का केंद्र है जहां श्रद्धालुओं को आत्मिक शांति एवं आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव होता है। उन्होंने कहा कि हिमालय की पावन वादियों में स्थित श्री बद्रीनाथ धाम भारत की प्राचीन सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का गौरवशाली प्रतीक है। यह तीर्थस्थल देश-दुनिया के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का भी केंद्र है तथा यह मानवता, सद्भाव, सेवा और आध्यात्मिक मूल्यों का संदेश देता है।
उन्होंने देवभूमि उत्तराखंड की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे पवित्र धाम भारतीय संस्कृति की जड़ों को सुदृढ़ करने और भावी पीढ़ियों को अपनी विरासत से जोड़ने का कार्य करते हैं। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों के सुखद, सुरक्षित एवं समृद्ध जीवन की मंगलकामना करते हुए भगवान बद्रीविशाल से सभी पर अपनी कृपा बनाये रखने की प्रार्थना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित