जयपुर , अक्टूबर 15 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने हाल में एक विधायक और पूर्व विधायक से जुड़ी घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा से कानून-व्यवस्था के संबंध में चर्चा की।
श्री देवनानी ने गुरुवार को श्री शर्मा को विधानसभा भवन बुलाकर पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की हत्या के आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा, ताकि अपराधियों को सबक मिले और पुलिस के प्रति समाज का विश्वास कायम रहे।
उन्होंने विधायक कृष्ण अवतार के साथ पुलिस की कथित ज्यादती को निंदनीय बताते हुए कहा कि लोगों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
श्री देवनानी ने इन घटनाओं की शीघ्र जांच कर कठोर कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के निर्देश दिए। इस पर पुलिस महानिदेशक ने उन्हें सभी मामलों में सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।
विधानसभा अध्यक्ष ने विधायक गोपीचंद मीणा और कृष्ण अवतार के साथ हुई घटनाओं को लेकर उनकी व्यथा भी सुनी। उन्होंने सवाई मानसिंह अस्पताल पहुंचकर श्री अवतार के स्वास्थ्य की जानकारी ली और चिकित्सकों को उनके समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित