जयपुर , अप्रैल 01 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल से शिष्टाचार भेंट की।
श्री देवनानी ने अपने दिल्ली प्रवास के दौरान श्री मेघवाल से भेंट की। इस दौरान उन्होंने राज्यसभा सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ से भी मुलाकात कर विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत एवं सकारात्मक चर्चा की।
श्री देवनानी ने श्री बिरला के साथ हुई भेंट के दौरान लोकतांत्रिक परंपराओं, संसदीय गरिमा एवं जनहित से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने श्री बिरला को राजस्थान विधानसभा की प्रगति के प्रतीक स्वरूप संसदीय संस्कृति का उत्कर्ष नवाचारों के दो वर्ष 'राजस्थान विधानसभा की दैनंदिनी' एवं 'सनातन संस्कृति की अटल दृष्टि पुस्तक भेंट कीं।
श्री वैष्णव से मुलाकात के दौरान अजमेर के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। विधानसभा अध्यक्ष ने केन्द्रीय मंत्री से अजमेर में वंदे भारत कोच निर्माण कारखाना स्थापित करने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में औद्योगिक विकास को गति मिलने तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होने की संभावना होगी। इसके अतिरिक्त उन्होंने श्री वैष्णव से अजमेर आईटी पार्क के विकास, विस्तार एवं उसमें निवेश को प्रोत्साहित करने हेतु भी मंत्री से सहयोग का अनुरोध किया गया।
श्री मेघवाल और श्री राठौड़ ने इस दौरान लोकतांत्रिक मूल्यों, सुशासन एवं समसामयिक विषयों पर सार्थक बातचीत की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित