अजमेर , अक्टूबर 02 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने शुक्रवार को यहां लवकुश उद्यान से आनासागर पुलिस चौकी तक सड़क निर्माण कार्य तथा वरुण सागर रोड के विभिन्न क्षतिग्रस्त पैनलों के सड़क निर्माण कार्य का शुभारम्भ किया।
यह कार्य सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा कराये जायेंगे। श्री देवनानी ने इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक वार्ड का समग्र एवं सुव्यवस्थित विकास उनका मुख्य ध्येय है। जनप्रतिनिधि के रूप में क्षेत्र की आवश्यकताओं को समझना और उनका समयबद्ध समाधान करना उनकी प्राथमिकता है। अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में नागरिकों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूरा किया जाये, ताकि आमजन को इसका लाभ शीघ्र मिल सके। श्री देवनानी ने कहा कि अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में 100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सड़क निर्माण एवं विकास कार्य कराए गए हैं।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि अजमेर शहर को सुंदर, स्वच्छ एवं बेहतर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में भी कार्य किए जा रहे हैं। अशोक उद्यान से अम्बेडकर चौराहे तक सौंदर्यीकरण के कार्य किये जा रहे हैं, जिससे शहर में प्रवेश करने वाले आगंतुकों को बेहतर वातावरण एवं सुखद अनुभव प्राप्त होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित