जयपुर, 21अक्टूबर (वार्ता) राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने जापान के नागोया में आयोजित पैरा एशियन गेम्स की 10 मीटर एयर पिस्टल शूटिंग स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर देश एवं प्रदेश का नाम रोशन करने पर अजमेर की प्रतिभाशाली खिलाड़ी सृष्टि अरोड़ा को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

इस अवसर पर श्री देवनानी ने कहा कि सृष्टि ने अपनी मजबूत इच्छाशक्ति, कड़ी मेहनत और अटूट हौसले से यह साबित कर दिखाया है कि कोई भी परिस्थिति सपनों के आड़े नहीं आ सकती। उन्होंने कहा कि नागोया में तिरंगे का मान बढ़ाने वाली सृष्टि की यह ऐतिहासिक उपलब्धि न केवल अजमेर बल्कि पूरे राजस्थान की बेटियों और युवाओं के लिए एक महान प्रेरणा है।

श्री देवनानी ने सृष्टि अरोड़ा के उज्ज्वल भविष्य तथा आगामी खेल प्रतियोगिताओं में और अधिक सफलता प्राप्त करने की कामना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित