जयपुर , मई 01 -- राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. वासुदेव देवनानी ने देवर्षि नारद जयंती के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी है।

इस अवसर पर डॉ. देवनानी ने अपने संदेश में कहा कि देवर्षि नारद भारतीय संस्कृति में संवाद, ज्ञान और लोकमंगल के प्रतीक माने जाते हैं। वे प्रथम पत्रकार के रूप में भी पूजनीय हैं, जिन्होंने सदैव सत्य, निष्पक्षता और जनहित को प्राथमिकता दी। उनका जीवन हमें यह प्रेरणा देता है कि संवाद का उद्देश्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल और सूचना युग में नारदजी के आदर्श और भी अधिक प्रासंगिक हो गए हैं। समाज में स्वस्थ संवाद, पारदर्शिता और जिम्मेदार पत्रकारिता को बढ़ावा देने के लिए हमें उनके बताए मार्ग का अनुसरण करना चाहिए। उन्होंने इस अवसर पर सभी से आह्वान किया कि वे सत्य, नैतिकता और लोककल्याण के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाएं तथा समाज को सशक्त और समरस बनाने में योगदान दें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित