जयपुर , अक्टूबर 28 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की पहल पर शुरू हुए विधानसभा जनदर्शन के तहत बुधवार को महारानी महाविद्यालय की छात्राओं ने विधानसभा के सदन, भवन और राजनैतिक आख्यान संग्रहालय को देखा।
इस दौरान छात्राओं ने श्री देवनानी से विधानसभा की कार्यप्रणाली एवं संसदीय परंपराओं को समझा। श्री देवनानी ने छात्राओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान की गरिमा और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दी। उन्होंने छात्राओं से संवाद के दौरान पूछा कि उनमें से कौन-कौन भविष्य में विधायक बनकर विधानसभा तक पहुंचना चाहती हैं। उनके इस प्रश्न ने छात्राओं में जनप्रतिनिधित्व एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति जिज्ञासा को प्रोत्साहित किया।
श्री देवनानी ने छात्राओं को संसदीय परम्पराओं, सदन की कार्यवाही, विधायी प्रक्रिया तथा जनप्रतिनिधियों के दायित्वों की जानकारी देते हुए समझाया कि विधानसभा लोकतंत्र का वह अहम् मंच है, जहां जनभावनाओं को अभिव्यक्ति, जनसमस्याओं को स्वर और जनहित के विषयों को विधायी विमर्श में स्थान मिलता है। उन्होंने छात्राओं को संविधान की मर्यादाओं, लोकतांत्रिक मूल्यों और सार्वजनिक जीवन में उत्तरदायित्व के महत्त्व से परिचित कराते हुए भविष्य में नेतृत्व के अवसरों के प्रति सजग एवं जागरूक बनने के लिए कहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित