जयपुर , अक्टूबर 29 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने गुरुवार को विधानसभा भवन में विधानसभा सचिवालय कर्मचारी बचत एवं साख सहकारी समिति लिमिटेड के मोबाइल ऐप का रिमोट से बटन दबाकर लोकार्पण किया।
इस अवसर पर श्री देवनानी ने कहा कि राजस्थान विधानसभा डिजिटाईजेशन एवं नवाचारों के माध्यम से देश की अग्रणी विधानसभा बन गयी है। उन्होंने इस मौके पर इस महीना सेवानिवृत्त हो रहे तीन कर्मियों का सम्मान किया। उन्होंने बताया कि विधानसभा में उनके द्वारा अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद अब तक यहां 55 अधिकारी और कर्मचारी सेवानिवृत्त हुए है। उन्होंने कहा कि उनका यह प्रयास रहा है कि सभी को समय पर पदोन्नति मिले। इसीलिए इस दौरान विधान सभा सचिवालय में 125 कर्मचारी और अधिकारियों को पदोन्नति भी समय पर प्रदान की गयी है। श्री देवनानी ने कहा कि अब विधान सभा सचिवालय सेवानिवृत्ति से हो रही रिक्तियों को भरे जाने की कार्यवाही के लिए भी प्रयासरत है।
श्री देवनानी ने कहा कि विधानसभा की गरिमा बनी रहे, इसके लिए सभी को अपने दायित्व कर्तव्यनिष्ठ होकर पूरे करते रहने चाहिए। उन्होंने कहा कि राजस्थान विधानसभा में लगातार डिजिटाईजेशन का कार्य चल रहा है। विधानसभा कर्मचारियों की सहकारी समिति के लेखे-जोखे भी अब डिजिटाईज हो गये है। विधान सभा में लगातार नवाचार हो रहे है। राजस्थान विधानसभा देश की विधानसभाओं में अग्रणी है। किसी भी संस्थान की प्रगति और सुचारु कार्यप्रणाली में कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान होता है। प्रत्येक कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए संस्थान की कार्यसंस्कृति को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाता है।
उन्होंने कहा कि लंबे समय तक पूरी निष्ठा, समर्पण एवं कर्तव्यपरायणता के साथ सेवाएं देना सराहनीय है। सेवानिवृत्ति जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जो व्यक्ति को अपने अनुभवों के साथ जीवन की नई पारी शुरू करने का अवसर भी प्रदान करता है।
श्री देवनानी ने विधानसभा के पुस्तकालय अधिकारी विकास चतुर्वेदी, सहायक अनुभाग अधिकारी देवी सिंह और जमादार यसवंत सिंह को माला, साफा पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। श्री देवनानी ने तीनों कर्मियों को स्वस्थ, सुखद एवं मंगलमय भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित