अजमेर , अक्टूबर 18 -- राजस्थान में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी अजमेर में वार्ड संख्या 80 में सड़क निर्माण कार्य का शुभारम्भ किया।
इस सड़क का निर्माण सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा करवाया जाएगा। इस अवसर पर श्री देवनानी ने कहा कि क्षेत्रवासियों की लंबे समय से अपेक्षित आवश्यकता को पूरा करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है। सड़कें केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास, नागरिक सुविधाओं और जनजीवन को सुगम बनाने का आधार भी हैं। इस सड़क के निर्माण से स्थानीय निवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के आधारभूत ढांचे को मजबूती प्राप्त होगी।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में क्षेत्र की आवश्यकताओं को समझना और उनका समयबद्ध समाधान करना उनकी प्राथमिकता है। अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में नागरिकों की जरूरतों के अनुरूप सड़क, पेयजल, विद्युत, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित सभी प्रमुख क्षेत्रों में विकास कार्य प्राथमिकता से करवाए जा रहे हैं। क्षेत्र की आवश्यकताओं को चिह्वित कर उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
श्री देवनानी ने कहा कि अजमेर के विकास को गति देने के लिए पिछले ढाई वर्षों में सैकड़ों करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए गए हैं। अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में 100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सड़क निर्माण एवं विकास कार्य किए गए हैं। पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए महत्वपूर्ण परियोजनाएं प्रगतिरत हैं। चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के लिए सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक का निर्माण किया जा रहा है। वहीं, विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जयपुर रोड पर नए जीएसएस का निर्माण भी करवाया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित