जयपुर , जुलाई 14 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने विधानसभा के 75वें वर्ष पर बुधवार को होने वाले वर्तमान और पूर्व विधायकों के समागम कार्यक्रम की तैयारियों का मंगलवार को जायजा लिया।

श्री देवनानी ने कार्यक्रम स्थल और उससे संबंधित सभी व्यवस्थाओं को बारिकी से देखा। उन्होंने मौके पर अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाओं के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर से आने वाले पूर्व एवं वर्तमान जनप्रतिनिधियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष प्रबंध किये गये है। विशेष रूप से वरिष्ठ एवं वयोवृद्ध पूर्व विधायकों के प्रवास, उनके आवागमन, चिकित्सा संबंधी सभी व्यवस्थाएं की गयी है।

उन्होंने कहा कि अमृत उत्सव का यह पहला कार्यक्रम है। इस कार्यक्रम में विधान सभा के वर्तमान और पूर्व विधायक शामिल होंगे। पूर्व विधायकों का मंगलवार से जयपुर पहुंचना आरम्भ हो गया। जयपुर के सर्किट हाउस, डाक बंगला, विधायक आवास गेस्ट हाउस और पंचायतीराज संस्थान के गेस्ट हाउस में ठहरने की व्यवस्था की गयी है। राजस्थान से निर्वाचित लोकसभा और राज्यसभा के सांसदों को भी समारोह में आमंत्रित किया गया है।

अमृत उत्सव की तैयारियां विधानसभा में जोर-शोर से चल रही है। शहर में अतिथियों के स्वागत में होर्डिंग लगाये गये हैं। राजस्थान विधानसभा भवन को अमृत महोत्सव की पूर्व संध्या पर रोशनी से सजाया गया है। श्री देवनानी ने कहा कि विधानसभा में ऐसा कार्यक्रम पहली बार हो रहा है। यह कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा।

श्री देवनानी ने कहा कि समारोह में उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला शामिल होंगे। उपराष्ट्रपति समापन समारोह के मुख्य अतिथि होंगे, जबकि लोकसभा अध्यक्ष उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। समारोह का शुभारम्भ बुधवार सुबह दस बजे से होगा। समापन समारोह इसी दिन सांय चार बजे होगा। समारोह में राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा अतिविशिष्ट अतिथि होंगे। संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और राष्ट्रमण्डल संसदीय संघ के सचिव संदीप शर्मा भी समारोह में शामिल होंगे।

विधानसभा के अमृत काल के इस अद्भुत संगम के दौरान मध्याह्न में आयोजित होने वाले दो सत्रों में 75 साल में पारित हुए महत्वपूर्ण कानूनों पर चर्चा होगी। इन सत्रों में सोलह पूर्व एवं वर्तमान अनुभवी विधायक 24 कानूनों पर चर्चा करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित