अजमेर , मई 29 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने शुक्रवार को अजमेर के वरुण सागर रोड स्थित चामुण्डा चौराहा पर कचरा संग्रहण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर नव सम्मिलित कॉलोनियों में घर-घर कचरा संग्रहण एवं सफाई व्यवस्था का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर श्री देवनानी ने स्वयं श्रमदान कर आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने एवं अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाये रखने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों में विशेष उत्साह एवं जनभागीदारी देखने को मिली।
इस मौके उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से देशभर में स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शौचालय निर्माण से लेकर शहरों में घर-घर कचरा संग्रहण जैसी व्यवस्थाओं के माध्यम से स्वच्छता और स्वास्थ्य के बीच गहरा संबंध स्थापित करते हुए प्रत्येक नागरिक को उसके सामाजिक दायित्व का बोध कराया गया है।
उन्होंने कहा कि परिसीमन के पश्चात ग्राम पंचायत क्षेत्र से नगर निगम सीमा में सम्मिलित हुई कॉलोनियों में भी अब निगम क्षेत्र के अनुरूप नियमित सफाई व्यवस्था एवं घर-घर कचरा संग्रहण सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इससे क्षेत्रवासियों को गंदगी से राहत मिलेगी तथा स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण का लाभ प्राप्त होगा।
इस अभियान के तहत कीर्ति नगर, जगदंबा कॉलोनी, रावत नगर, राज कॉलोनी, डिफेंस कॉलोनी, काजीपुरा, हाथीखेड़ा, बोराज सहित आसपास के क्षेत्रों में नियमित सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति एवं कचरा संग्रहण वाहनों के संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित की गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित