अजमेर , अक्टूबर 11 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने अजमेर शहर में गैस आधारित 132 केवी सब-स्टेशन (जीएसएस) के निर्माण की बजट घोषणा के क्रियान्वयन को लेकर रविवार को विभिन्न संभावित क्षेत्रों का दौरा किया और इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए भूमि के विभिन्न विकल्पों का बारीकी से निरीक्षण किया।

श्री देवनानी ने हाथीभाटा पावर हाउस, टीटी कॉलेज तथा जयपुर रोड स्थित विभिन्न जमीनों का अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से जमीनों की तकनीकी उपयुक्तता, भौगोलिक स्थिति और ग्रिड स्थापना की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। भूमि चयन की इस प्रक्रिया के तुरंत बाद परियोजना पर जमीनी स्तर पर कार्य आरंभ कर दिया जाएगा, जिसे लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

यह अत्याधुनिक गैस आधारित विद्युत सब-स्टेशन लगभग 147 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से तैयार किया जाएगा। वर्तमान समय में अजमेर शहर को बिजली की आपूर्ति शहर के बाहरी इलाकों में बने जीएसएस के माध्यम से की जाती है, जिसके कारण कई बार तकनीकी बाधाओं और लंबी ट्रांसमिशन लाइनों का सामना करना पड़ता है। इस नई परियोजना के धरातल पर उतरने के बाद यह सब-स्टेशन अजमेर शहर की विद्युत आपूर्ति के लिए एक मजबूत लाइफ लाइन साबित होगा।

इस परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसे आगामी 50 वर्षों की भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर डिजाइन किया जा रहा है। बढ़ती आबादी, शहरी विस्तार और भविष्य की विद्युत मांग का आंकलन करते हुए इस जीएसएस की रूपरेखा तैयार की गई है ताकि आने वाले दशकों में शहरवासियों को बिजली के संकट या कम वोल्टेज जैसी समस्याओं का सामना न करना पड़े।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित