गुवाहाटी/ जयपुर , जुलाई 05 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने रविवार को असम के मुख्यमंत्री डॉ हिमंता बिस्वा सरमा से मुलाकात की।

श्री देवनानी ने गुवाहाटी में श्री सरमा से यह मुलाकात की जो उनकी शिष्टाचार भेंट थी। इस दौरान श्री देवनानी ने डॉ. सरमा को 'सनातन संस्कृति की अटल दृष्टि' पुस्तक की प्रति भी भेंट की। उन्होंने राष्ट्र निर्माण, लोकतांत्रिक मूल्यों के संवर्धन, सुशासन, जनकल्याण, विकास तथा समसामयिक विषयों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने राजस्थान विधानसभा में उनके नेतृत्व में किए गए विभिन्न नवाचारों की जानकारी भी साझा की। दोनों के बीच लोकतांत्रिक संस्थाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाने को लेकर भी सार्थक चर्चा हुई।

श्री देवनानी ने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. सरमा के नेतृत्व में असम विकास, सांस्कृतिक समृद्धि और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित करता रहेगा तथा प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहेगा।

श्री देवनानी ने असम विधानसभा अध्यक्ष रंजीत कुमार दास से भी मुलाकात की। दोनों विधानसभा अध्यक्षों के बीच भारतीय लोकतंत्र को और अधिक सुदृढ़ बनाने, संसदीय संस्थाओं की गरिमा एवं प्रभावशीलता, विधायी कार्यों की गुणवत्ता, संसदीय परंपराओं के संरक्षण एवं समकालीन आवश्यकताओं के अनुरूप उनके सुदृढ़ीकरण, विधानसभा की कार्यप्रणाली में नवाचार, डिजिटल प्रौद्योगिकी के प्रभावी समावेश तथा जनभागीदारी को बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक एवं सार्थक विचार-विमर्श हुआ।

उन्होंने राजस्थान विधानसभा में किए गए नवाचारों की जानकारी साझा करते हुए श्री दास को बताया कि लोकतांत्रिक संस्थाओं को जनता से जोड़ने, संसदीय गरिमा को सुदृढ़ करने तथा नई पीढ़ी को लोकतांत्रिक मूल्यों से परिचित कराने के उद्देश्य से अनेक अभिनव पहलें की गई हैं।

श्री देवनानी ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की सुदृढ़ता विधायी प्रक्रिया तक सीमित न रहकर यह जनविश्वास, पारदर्शिता, नवाचार और संसदीय मूल्यों के सतत संवर्धन से भी जुड़ी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विभिन्न राज्यों की विधान सभाओं के बीच अनुभवों, श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों और नवाचारों का निरंतर आदान-प्रदान भारतीय लोकतंत्र को और अधिक समृद्ध, प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित