रांची , मई 11 -- झारखंड के देवघर जिले में श्रद्धालुओं को निशाना बनाकर मोबाइल और कीमती सामान की छिनतई करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए पुलिस ने चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
सभी अपराधी देवघर के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं और पूर्व में भी कई अपराध में इनकी संलिप्तता पाई गई है।
देवघर एसपी प्रवीण पुष्कर ने जानकारी देते हुए बताया कि हाल ही में सत्संग चौक और पटेल चौक इलाके में छिनतई की दो घटनाएं सामने आई थी। घटना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए देवघर एसडीपीओ अशोक सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने महज दो दिनों के भीतर कार्रवाई करते हुए गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया।
श्री पुष्कर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में एक मोबाइल दुकानदार भी शामिल है, जो चोरी किए गए मोबाइल का लॉक तोड़कर उसे बेचने का काम करता था। आरोपियों में अनिकेत कुमार, अमन चौधरी, विजय चौधरी और एक मोबाइल दुकानदार शामिल हैं। इनके पास से 11 मोबाइल और दो चोरी के मोटरसाइकिल भी बरामद हुए हैं। अनिकेत कुमार पहले भी कई आपराधिक मामलों में संलिप्त रह चुका है।
श्री पुष्कर ने बताया कि यह गिरोह देवघर आने वाले सीधे-सादे श्रद्धालुओं को निशाना बनाता है। गिरोह के सदस्य मौका मिलते ही उनके मोबाइल फोन और अन्य महंगे सामान छीनकर फरार हो जाते हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी तकनीक का इस्तेमाल कर साइबर अपराध से जुड़ी घटनाओं को भी अंजाम देते थे। पुलिस सभी मामलों की गहन जांच कर रही है। जिन-जिन घटनाओं में इन आरोपियों की संलिप्तता सामने आएगी, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस पूरे नेटवर्क में कई अन्य लोगों के शामिल होने की भी आशंका है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही गिरोह से जुड़े अन्य लोगों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित