रांची , मार्च 13 -- झारखंड के देवघर जिले में एसीबी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को जिला भू-अर्जन कार्यालय में छापेमारी कर दो कर्मियों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार कर्मियों की पहचान निरंजन और नुनु देव के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, दोनों कर्मी रिंग रोड परियोजना के लिए अधिग्रहित जमीन के मुआवजे की राशि जारी करने के बदले लाभुक से कमीशन की मांग कर रहे थे। एसीबी की टीम ने जाल बिछाकर उस समय दोनों को पकड़ लिया, जब वे एक लाभुक से मुआवजे की कुल राशि का लगभग 5 प्रतिशत हिस्सा बतौर रिश्वत ले रहे थे। कार्रवाई के दौरान टीम ने रिश्वत की रकम भी बरामद की।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि देवघर में रिंग रोड परियोजना के लिए किसानों और भू-स्वामियों की जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है। नियमानुसार, प्रभावित किसानों को उनकी जमीन के बदले मुआवजा दिया जाना है। आरोप है कि जिला भू-अर्जन कार्यालय के कुछ कर्मी मुआवजे की राशि जारी करने के लिए लाभुकों से कमीशन मांग रहे थे।
इस मामले का खुलासा तब हुआ जब एक पीड़ित लाभुक ने एसीबी से इसकी शिकायत की। शिकायतकर्ता का आरोप था कि उसका मुआवजा लंबित था और राशि जारी करने के लिए कर्मियों की ओर से लगातार पैसे की मांग की जा रही थी।
एसीबी ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाकर दोनों आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के बाद एसीबी की टीम दोनों आरोपियों को अपने साथ दुमका ले गई है, जहां उनसे आगे की पूछताछ की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित