देहरादून/हरिद्वार , नवंबर, 01 -- त्तराखंड में देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में देर रात जांच के दौरान पुलिस और बाइक सवार दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। घायल आरोपियों को उपचार के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय भेजा गया। पुलिस ने उनके कब्जे से दो पिस्टल, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम नयागांव के पास सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे चेकिंग प्वाइंट पर रुकने के बजाय बुड़पुर की ओर भाग निकले। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने पुलिस वाहन पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से पुलिस का वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए।
घटना की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अस्पताल पहुंचकर घायल बदमाशों के उपचार की जानकारी ली। फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस के अनुसार, घायल बदमाशों की पहचान समीम पुत्र इलियास और शहजाद पुत्र इखलाक निवासी रुड़की, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने पटेलनगर, विकासनगर और सहसपुर थाना क्षेत्रों में नकबजनी की घटनाओं में शामिल होने की बात बताई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी वारदात को अंजाम देने के इरादे से मोटरसाइकिल पर निकले थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित