अम्बिकापुर, दिसम्बर 14 -- अम्बिकापुर के कलेक्टर विलास भोसकर के मार्गदर्शन में मानव जीवन ज्योति दृष्टि बाधित विद्यालय, बतौली के विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक सह भ्रमण का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को उदयपुर स्थित प्रसिद्ध रामगढ़ पर्यटन केंद्र एवं सैनिक स्कूल अम्बिकापुर का भ्रमण कराया गया। बच्चों को बस के माध्यम से सुरक्षित रूप से लाया-ले जाया गया, जिससे पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित रही।

जिला पीआरओ ने रविवार को कहा कि रामगढ़ पहुंचने पर विद्यार्थियों को वहां की प्राकृतिक, धार्मिक एवं पर्यटन विशेषताओं से अवगत कराया गया। भले ही दृष्टि बाधित विद्यार्थी भगवान राम के दर्शन नेत्रों से नहीं कर सके, लेकिन रामगढ़ की पावन हवा, वृक्षों की सरसराहट, बहते जल की मधुर ध्वनि, शीतल समीर और पक्षियों के कलरव के माध्यम से उन्होंने आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त की। बच्चों ने इस वातावरण में भगवान राम की उपस्थिति को आत्मिक रूप से महसूस किया, जो उनके लिए अत्यंत भावनात्मक और प्रेरणादायक अनुभव रहा।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों के लिए खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। इन गतिविधियों में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे उनके आत्मविश्वास, आनंद और आपसी सहयोग की भावना में वृद्धि हुई। यह आयोजन बच्चों के मानसिक एवं सामाजिक विकास की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित