नयी दिल्ली , अक्टूबर 30 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को यहाँ ब्लाइंड रिलीफ एसोसिएशन परिसर में आयोजित 'दिवाली बाजार 2026' का शुभारंभ किया।

श्रीमती गुप्ता ने इस दौरान उन्होंने बाजार में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का दौरा किया और दृष्टिबाधित लोगों द्वारा तैयार किए गए हस्तनिर्मित उत्पादों की खरीदारी कर उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिव्यांगजनों के लिए सुगम बुनियादी ढांचा और समान अवसर सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी व्यक्ति की शारीरिक चुनौती उसकी प्रतिभा, क्षमता और सपनों की राह में बाधा नहीं बननी चाहिए। दृष्टिबाधित नागरिकों में अपार हुनर, रचनात्मकता और आत्मनिर्भर बनने की क्षमता है। जरूरत है कि समाज उनके हुनर को पहचाने और उनके उत्पादों को अपनाकर आर्थिक सशक्तीकरण में भागीदार बने। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी के बुनियादी ढांचे को अधिक सुगम और सुलभ बनाने के लिए लगातार काम कर रही है ताकि दिव्यांगजनों को सम्मानजनक जीवन और समान अवसर मिल सकें।

उन्होंने कहा कि दृष्टिबाधित कारीगरों और युवाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पाद उनकी मेहनत, कला और रचनात्मकता का प्रमाण हैं। इन उत्पादों की खरीदारी केवल व्यापार नहीं, बल्कि उनके आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने का प्रयास है। उन्होंने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे बाजार में पहुंचकर उत्पाद खरीदें और दृष्टिबाधित लोगों के हुनर को प्रोत्साहित करें।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री दृष्टिबाधित युवाओं द्वारा संचालित 'कैफे मस्त' भी पहुंचीं और वहां भोजन किया। यह कैफे ब्लाइंड रिलीफ एसोसिएशन के मल्टी-स्किल ट्रेनिंग प्रोग्राम से जुड़े युवाओं द्वारा संचालित किया जाता है। यहां युवा भोजन तैयार करने से लेकर ग्राहक सेवा और लेन-देन तक की जिम्मेदारियां स्वयं संभालते हैं। मुख्यमंत्री ने उनके आत्मविश्वास और कार्यकुशलता की सराहना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित