मुंबई , अक्टूबर 16 -- सोनी सब के पौराणिक धारावाहिक 'हस्तिनापुर के वीर' में राधेय की भूमिका निभा रहे व्यंकटेश पांडे का कहना है कि किसी व्यक्ति के बारे में बहुत कुछ उसके दूसरों के साथ किए जाने वाले व्यवहार से जाना जा सकता है।धारावाहिक में युवा राजकुमारों के शुरुआती जीवन और उनके व्यक्तित्व को आकार देने वाली घटनाओं को दिखाया जा रहा है। राधेय अपने दयालु स्वभाव और दूसरों की मदद करने की प्रवृत्ति के लिए जाना जाता है। हालांकि, उसके कवच के सामने आने के बाद गांववाले उसे दुष्ट शक्ति समझने लगते हैं, जिसके कारण उसे अपने परिवार के साथ घर छोड़ना पड़ता है।
आगामी एपिसोड में राधेय और उसका परिवार नये घर की तलाश में जंगल से गुजरते हैं। इसी दौरान उसकी मुलाकात अर्जुन (उर्वा सवालिया) से होती है, जो कीचड़ में फंसे अपने रथ के पहिये को निकालने के लिए संघर्ष कर रहा होता है। राधेय बिना किसी हिचकिचाहट के उसकी मदद करता है, लेकिन उसे यह पता नहीं होता कि अर्जुन वास्तव में कौन है।
राधेय की यह सहज मदद दोनों के बीच पहली मुलाकात का आधार बनती है और एक महत्वपूर्ण रिश्ते की शुरुआत का संकेत देती है। ऐसे समय में, जब राधेय खुद अनिश्चित भविष्य का सामना कर रहा है, अर्जुन से उसकी मुलाकात कहानी में नया मोड़ ला सकती है।
आगामी एपिसोड में यह देखना दिलचस्प होगा कि अर्जुन के साथ यह मुलाकात राधेय की जिंदगी और उसके भविष्य को किस तरह प्रभावित करती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित