चंडीगढ़ , अक्टूबर 09 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को अधिकारियों को प्रदेश में फसल खरीद प्रक्रिया पर विशेष ध्यान देने और दूसरे राज्यों से आने वाले बाजरा व धान पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की फसल का एक-एक दाना न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदेगी और किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री आज चंडीगढ़ में समाधान प्रकोष्ठ की समीक्षा बैठक के बाद वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने निर्धारित मानकों के अनुसार 17 प्रतिशत नमी वाले धान की खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मंडियों की निगरानी के लिए प्रत्येक जिले में नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, जो फसल की भौतिक जांच कर रहे हैं। खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी और सुचारू बनाने के लिए मंडियों में जियो टैगिंग की गई है तथा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। उन्होंने दूसरे राज्यों से बिक्री के लिए धान और बाजरा लाने वाले वाहनों पर कड़ी नजर रखने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को जब्त करने के निर्देश दिए।
उन्होंने खरीद के बाद फसल का उठान समय पर पूरा करने पर भी जोर दिया। विशेष रूप से कैथल की मंडियों में उठान कार्य तेज करने को कहा ताकि किसानों को धान लाने में परेशानी न हो।
अधिकारियों ने बताया कि चीका मंडी में धान डालने के लिए चार स्थान निर्धारित किए गए हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने धान डालने के लिए एक ही स्थान निर्धारित करने का उचित समाधान तलाशने के निर्देश दिए है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित