बैतूल , अक्टूबर 02 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के भैंसदेही क्षेत्र में ग्राम रोजगार सहायक पर दूसरे व्यक्ति के मोबाइल नंबर का कथित तौर पर इस्तेमाल कर व्हाट्सऐप चलाने और पत्रकार को अभद्र संदेश एवं धमकी देने का आरोप लगा है। मामले में चिल्कापुर निवासी धर्मराज बारस्कर ने भैंसदेही थाने में शपथ पत्र के साथ लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
धर्मराज बारस्कर ने शिकायत में कहा है कि मोबाइल नंबर उसके नाम पर दर्ज है, लेकिन इस नंबर से ग्राम पंचायत चिल्कापुर में पदस्थ ग्राम रोजगार सहायक संदीप मगरदे कथित तौर पर व्हाट्सऐप चला रहा है। शिकायतकर्ता के अनुसार इसी नंबर से 'भाजपा मंडल झल्लार' नाम के व्हाट्सऐप समूह में भी संदेश भेजे जा रहे हैं।
मामला तब सामने आया जब भैंसदेही के पत्रकार कमलेश कावड़कर ने उक्त मोबाइल नंबर से उनके और उनकी पत्नी के खिलाफ अभद्र एवं अश्लील टिप्पणियां किए जाने तथा धमकी देने की शिकायत पुलिस से की। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में मोबाइल नंबर धर्मराज बारस्कर के नाम पर दर्ज पाया गया। इसके बाद पुलिस ने धर्मराज को थाने बुलाकर पूछताछ की।
धर्मराज का कहना है कि पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को बताया कि उसके मोबाइल नंबर से संदीप मगरदे व्हाट्सऐप संचालित करता है। इसके बाद गुरुवार को उसने भैंसदेही न्यायालय में नोटरी के समक्ष शपथ पत्र तैयार कराया और उसे पुलिस शिकायत के साथ प्रस्तुत किया।
शपथ पत्र में धर्मराज ने कथित तौर पर अपने नाम से पंजीकृत मोबाइल नंबर का इस्तेमाल संदीप मगरदे द्वारा किए जाने तथा इसी नंबर से पत्रकार और उनकी पत्नी के संबंध में अभद्र, अश्लील एवं धमकी भरे संदेश भेजे जाने की जानकारी दी है। उसने पुलिस से संदीप मगरदे के खिलाफ उचित और दंडात्मक कार्रवाई करने तथा उसके मोबाइल नंबर से संचालित व्हाट्सऐप को बंद कराने की मांग की है।
गौरतलब है कि संदीप मगरदे के खिलाफ ग्राम पंचायत चिल्कापुर में कथित वित्तीय अनियमितताओं, पंचायत की राशि का हिसाब नहीं रखने, निर्माण कार्यों में गड़बड़ी और महिला सरपंच के कथित फर्जी हस्ताक्षर सहित अन्य आरोपों को लेकर पहले भी शिकायतें और समाचार सामने आ चुके हैं। इन मामलों में जांच के दौरान दोषी पाए जाने पर सेवा समाप्ति की कार्रवाई की बात भी सामने आई थी। फिलहाल मोबाइल नंबर के इस्तेमाल और धमकी भरे संदेश भेजने के आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित