बालोद , मई 02 -- छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में 10वीं की परीक्षा में लगातार दूसरी बार असफल होने से परेशान एक छात्र ने आत्महत्या कर ली।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक मामला डौंडी थाना क्षेत्र के बंधिया पारा का है। मृतक की पहचान 10वीं कक्षा के छात्र 17 वर्षीय राजवीर बघेल के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि वह पिछले दो वर्षों से 10वीं की परीक्षा में असफल हो रहा था। पहले साल वह 6 विषयों में फेल हुआ था, जबकि इस वर्ष भी 5 विषयों में असफल रहने के कारण वह गहरे तनाव में था। बताया जा रहा है कि गुरुवार देर रात तक उसने परिजनों और रिश्तेदारों से फोन पर बातचीत की थी। शुक्रवार सुबह जब वह कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिजनों ने खिड़की से देखा। जहां वह फांसी पर लटका हुआ मिला।
सूचना मिलने पर डौंडी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित