बारां , जुलाई 28 -- राजस्थान में बारां जिले के अंता विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रमोद जैन 'भाया' ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र भेजकर बारां जिले की बिगड़ी पेयजल व्यवस्था पर गंभीर चिंता जतायी है।
श्री भाया ने चेतावनी दी है कि 15 दिनों में स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो वह जनआंदोलन करेंगे और आवश्यकता पड़ने पर अनशन भी करेंगे।
श्री भाया ने पत्र में कहा कि जिले के कई शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को दूषित, मटमैला एवं दुर्गंधयुक्त पानी मिल रहा है, जबकि कई स्थानों पर नियमित जलापूर्ति भी नहीं हो रही। उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन और अमृत मिशन के तहत बनी कई पेयजल योजनाओं के संचालन और रखरखाव में लापरवाही बरती जा रही है, जिसके कारण जनता को परेशानी उठानी पड़ रही है।
श्री भाया ने कहा कि इस मुद्दे को लेकर वे पूर्व में जलदाय मंत्री, जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को कई बार अवगत करा चुके हैं। जिला परिषद की बैठकों में भी जनप्रतिनिधियों ने समस्या उठायी, वहीं तीन जून को जलदाय विभाग के खिलाफ बड़ा धरना-प्रदर्शन भी किया गया, लेकिन स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि बारां शहर के साथ-साथ अंता, अटरू, मांगरोल, सीसवाली, छीपाबड़ौद, छबड़ा, किशनगंज और शाहाबाद क्षेत्र के लोग भी दूषित पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो यह जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर संकट बन सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित