जौनपुर , जुलाई 10 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के बहुचर्चित दूल्हा हत्याकांड में फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी आरोपी प्रदीप बिंद ने शुक्रवार को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपी के सरेंडर की सूचना मिलने के बाद मृतक दूल्हे आजाद बिंद के परिजनों में एक बार फिर मायूसी छा गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार एक मई 2026 को खेतासराय थाना क्षेत्र के मानेछा गांव के पास बारात लेकर जा रहे दूल्हे आजाद बिंद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात से जिले में हड़कंप मच गया था और शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गई थीं।
घटना के बाद पुलिस ने मामले में कई आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि मुख्य आरोपी प्रदीप बिंद फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी, लेकिन वह पुलिस की गिरफ्त से बाहर रहा।
आखिरकार प्रदीप बिंद ने पुलिस के हाथ लगने से पहले ही न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। न्यायालय की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। जौनपुर का दूल्हा हत्याकांड हाल के वर्षों की सबसे चर्चित आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है। अब मामले की सुनवाई न्यायालय में आगे बढ़ेगी। वहीं, पीड़ित परिवार ने सभी आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग दोहराई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित