डोईवाला/ऋषिकेश , मार्च 29 -- उत्तराखण्ड को नशा मुक्त बनाने के अभियान में दून पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों से स्मैक तस्करों को गिरफ्तार किया। डोईवाला में पुलिस ने एक शातिर महिला तस्कर को पकड़ा, जबकि ऋषिकेश में एक युवक को अवैध स्मैक के साथ दबोचा गया।
जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के निर्देशों पर चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के तहत कोतवाली डोईवाला पुलिस ने केशवपुरी बस्ती क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के दौरान शाहिन खातून को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से 18.37 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी बाजार कीमत करीब 5.5 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।
वहीं दूसरी ओर ऋषिकेश क्षेत्र में आस्था पथ स्थित सीवर ट्रीटमेंट प्लांट के पास जांच के दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध युवक को रोका। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 10.40 ग्राम स्मैक (हेरोइन) बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान भोला निवासी चन्द्रेश्वर नगर, ऋषिकेश के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह सपेरा बस्ती से स्मैक खरीदकर छोटी-छोटी पुड़ियों में बेचता था और गंगा घाटों पर आने वाले मजदूरों व युवाओं को निशाना बनाता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया है।
पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित