धार , मार्च 20 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन पर स्थित एक होटल में गंदगी की शिकायत पर होटल कर्मचारियों द्वारा उल्टे यात्रियों से दुर्व्यवहार और धमकी देने का मामला सामने आया है।

मामला लेबड़ ब्रिज के समीप स्थित होटल अनमोल रिसोर्ट का है, जहां चाय के लिए रखे दूध के जार में एक चूहा मुंह मारता हुआ पाया गया। जब यात्रियों ने इस गंदगी का विरोध किया और वीडियो बनाया, तो होटल मालिक और कर्मचारियों ने अपनी गलती मानने के बजाय यात्रियों के साथ अभद्रता करते हुए उन्हें धमकाना शुरू कर दिया।

जानकारी के अनुसार झाबुआ निवासी एक परिवार इंदौर के निजी अस्पताल में उपचार के लिए जा रहा था। चैत्र नवरात्रि के चलते परिवार के सदस्यों का उपवास था। लेबड़ के पास अनमोल रिसोर्ट पर उन्होंने चाय का ऑर्डर दिया। इसी दौरान उनकी नजर काउंटर पर पड़ी, जहां दूध के खुले जार में एक चूहा मुंह डुबाकर दूध पी रहा था। जब यात्रियों ने इसका वीडियो बनाना शुरू किया, तो संचालक नाराज हो गया। यात्रियों का आरोप है कि संचालक और वहां मौजूद कर्मचारियों ने न केवल उनके साथ गाली-गलौज की, बल्कि उन्हें धमकाते हुए वहां से जाने को कहा। विवाद बढ़ता देख पीड़ित परिवार वहां से इंदौर की ओर रवाना हो गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित