बारां , जून 28 -- राजस्थान में बारां-झालावाड़ लोकसभा से सांसद दुष्यंत सिंह ने कहा है कि केंद्र एवं राज्य सरकार का इरादा विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

श्री सिंह ने रविवार को बारां के एक दिवसीय दौरे के दौरान विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के बाद कहा कि विकास कार्यों से आमजन का जीवन सुगम हो रहा है। उन्होंने सीसवाली में राजकीय कन्या महाविद्यालय एवं सीसवाली-बारां सड़क मार्ग के चौड़ीकरण के लोकार्पण के साथ बारां मुख्यालय पर 280 लाख की लागत से निर्मित होने वाले राजकीय सहरिया कन्या महाविद्यालय छात्रावास का शिलान्यास किया।

कार्यक्रम में बारां विधायक राधेश्याम बैरवा, किशनगंज विधायक ललित मीणा, जिलाध्यक्ष नरेश सिकरवार सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

दौरे के दौरान सांसद ने बारां रेलवे ओवरब्रिज के कार्य का निरीक्षण भी किया और गुणवत्तापूर्ण कार्य के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित