ग्वालियर , सितंबर 26 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले के चीनौर थाना क्षेत्र में दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी देकर एक युवक से कथित तौर पर ब्लैकमेलिंग करने के मामले में पुलिस ने दंपति के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार दंपति ने युवक से 14 लाख रुपये लेने के बाद पांच लाख रुपये की और मांग की थी। इससे परेशान युवक ने 26 सितंबर को जहरीला पदार्थ खा लिया था और उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

पुलिस के अनुसार चीनौर थाना क्षेत्र के पवैया वाली गली निवासी 40 वर्षीय गिर्राज गिरि गोस्वामी ने 26 सितंबर को सल्फास खा लिया था। हालत बिगड़ने पर उसके साले मिथुन गिरि ने उसे लिंक हॉस्पिटल ग्वालियर में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान दोपहर 12.08 बजे उसकी मृत्यु हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की।

मर्ग जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि पास में रहने वाले चंदू उर्फ चन्द्रभान सोनी और उसकी पत्नी वंदना सोनी कथित तौर पर गिर्राज को ब्लैकमेल कर रहे थे। पुलिस ने चंदू उर्फ चन्द्रभान सोनी और वंदना सोनी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने मृतक के पिता माता गिरि और पत्नी कमलेश गिरि गोस्वामी के बयान दर्ज किए। उनके अनुसार चंदू और उसकी पत्नी पिछले करीब चार-पांच वर्षों से गिर्राज को दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी देकर रुपये लेते थे।

पुलिस जांच में सामने आया कि दंपति ने कथित तौर पर गिर्राज से अब तक 14 लाख रुपये लिए थे और पांच लाख रुपये की और मांग कर रहे थे। पुलिस के अनुसार गिर्राज ने 14 लाख रुपये में से काफी राशि कर्ज लेकर दी थी। पांच लाख रुपये की नई मांग पूरी करने की स्थिति में नहीं होने के कारण उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी दंपति की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार दोनों फिलहाल फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित