अंबिकापुर, अप्रैल 11 -- छत्तीसगढ में अंबिकापुर के महामाया द्वार के पास दो अप्रैल की देर रात महिला के साथ दुष्कर्म के बाद जघन्य हत्या के मामले में पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाते हुए आरोपी मिथुन पांडा को शुक्रवार देर रात घटना स्थल पर लाकर 'क्राइम सीन रीक्रिएट' किया।
पुलिस आम लोगों के संभावित हमले से बचाने के लिए आरोपी को रात करीब एक बजे कड़ी सुरक्षा के बीच मौके पर लेकर पहुंची थी।
शनिवार को पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मामले की जांच प्रक्रिया को पूर्ण करने के लिए 'क्राइम सीन रीक्रिएट' कराया गया। पुलिस ने बताया कि भीड़ के गुस्से को देखते हुए आरोपी को दिन में लाने के बजाय देर रात सुरक्षा घेरे में घटना स्थल पहुंचाया गया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
उल्लेखनीय है कि इस सनसनीखेज मामले में आरोपी की गिरफ्तारी चिरमिरी थाना क्षेत्र जिला (एमसीबी) से 10 अप्रैल को की गई थी। पुलिस ने घटना से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर आरोपी से पूछताछ कर घटनास्थल पर पूरी प्रक्रिया पूरी की।
लो प्रोफाइल आरोपी ने पुलिस को काफी परेशान किया है। विपक्षी दल कांग्रेस ने रेप और हत्या के इस मामले को मुद्दा बना लिया था। महिला कांग्रेस ने इस मामले पर हस्ताक्षर अभियान चलाया था। हस्ताक्षर अभियान के अगले दिन से युवक कांग्रेस ने गिरफ्तारी की मांग को लेकर अनिश्चित कालीन आंदोलन शुरू किया था।
भारतीय जनता पार्टी की प्रवक्ता ने किरण बघेल ने कांग्रेस के आरोपों का जवाब देते हुए कांग्रेस को उनके कार्यकाल की घटनाओं को गिनवाते हुए कहा था कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार के कार्यकाल में घटनाओं को छुपाया नहीं जाता है।
पुलिस के आला अधिकारियों ने दुष्कर्म और हत्या के मामले में खासी गंभीरता बरती थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने पांच हजार रुपये के ईनाम की घोषणा की थी। इसी दिन सरगुजा रेंज दीपक झा ने आरोपी की सूचना पाने के लिए 30 हजार रुपए ईनाम देने की घोषणा की थी। आरोपी के बारे में सूचना पाने के लिए पुलिस ने पांच मोबाइल नंबरों को सार्वजनिक किया था।
बहरहाल, पुलिस कल आरोपी तक खुद ही पहुंच गई। आरोपी मिथुन पांडा को शनिवार को अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा। वहीं, इस जघन्य हत्या कांड को लेकर आम लोगों में गहरा आक्रोश बना हुआ है और कड़ी से कड़ी सजा की मांग लगातार उठ रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित