मऊ , अक्टूबर 31 -- उत्तर प्रदेश में मऊ जिले की कोतवाली नगर पुलिस ने दुष्कर्म के एक फर्जी मुकदमे की विवेचना के दौरान आपराधिक साजिश का खुलासा करते हुए पुलिस लाइन में तैनात आरक्षी विशाल भारती समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, पुराने दुष्कर्म मुकदमे में चल रही सुनवाई को प्रभावित करने तथा पीड़ित पक्ष पर दबाव बनाने के उद्देश्य से रुपये का लालच देकर यह साजिश रची गई थी। इसी के तहत सकीना खातून ने मुहम्मदाबाद निवासी मो. इमरान अहमद के विरुद्ध दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था।

गिरफ्तार आरोपियों में आरक्षी विशाल भारती निवासी अयोध्या, सकीना खातून निवासी मऊ, निसार उर्फ नेसार अहमद निवासी बलिया तथा जोया उर्फ गुल निहार निवासी गाजीपुर शामिल हैं। पुलिस ने चारों को 31 अक्टूबर की सुबह सोनीधापा मैदान के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा ने गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम को 10 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित