बांदा , अक्टूबर 17 -- उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के बदौसा थाना क्षेत्र में दुष्कर्म के आरोप से आहत एक युवक ने ट्रेन के सामने छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। शनिवार को पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिये भेजा। पुलिस ने बताया कि फतेहगंज थाना क्षेत्र के डढ़वा मानपुर गांव के कर्माडांड़ी गांव निवासी आशीष सेन (24) शुक्रवार की रात देवी दर्शन करने की बात कह कर घर से निकला था। कस्बे के वकीलन पुरवा के पास ट्रेन के आगे छलांग लगाकर उसने खुदकुशी कर ली।

तलाशी के दौरान मृतक की जेब से मिले आधार और मोबाइल नंबर पर काल करके परिजनों को सूचना दी गई। मृतक की जेब से छह पेज का सुसाइड नोट भी बरामद किया गया। सुसाइड नोट में उसने गांव की एक किशोरी को मौत का जिम्मेदार ठहराया।

मृतक के चचेरे भाई पुष्पेंद्र ने बताया कि आशीष पुताई का काम करता था। गांव की एक किशोरी ने उसके खिलाफ दुष्कर्म का आरोप लगाया था। आरोप है कि किशोरी के प्रार्थना पत्र पर पुलिस उसे थाना बुलाकर प्रताडित कर रही थी। परेशान होकर उसने ट्रेन से कटकर खुदकुशी कर ली।

पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत छानबीन शुरू की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे विधिक कार्रवाई होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित