भिण्ड , अगस्त 24 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में दुष्कर्म के एक आरोपी ने प्रेमिका से जन्मी बच्ची को अपनी संतान बताते हुए उसे अपने साथ ले जाने की मांग को लेकर चंबल नदी के पुल पर चढ़कर आत्महत्या करने की धमकी दी। सूचना मिलने पर मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश पुलिस मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की समझाइश के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया।

पुलिस के अनुसार अटेर थाना क्षेत्र के सुरपुरा गांव निवासी गोलू पुरवंशी का एक युवती से प्रेम प्रसंग था। कुछ समय पहले वह युवती के साथ घर से चला गया था। युवती के वापस लौटने के बाद परिजनों की शिकायत पर अटेर थाने में युवक के खिलाफ अपहरण और दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

जेल से बाहर आने के बाद गोलू को पता चला कि युवती से एक बच्ची का जन्म हुआ है। इसके बाद उसने बच्ची को अपनी संतान बताते हुए उसे अपने साथ रखने की मांग शुरू कर दी। उसने बच्ची के परिजनों से भी बात की, लेकिन वे बच्ची उसे सौंपने के लिए तैयार नहीं हुए। युवक ने पुलिस के सामने भी अपनी मांग रखी।

पुलिस के मुताबिक कल शाम करीब छह बजे गोलू उत्तरप्रदेश के खैरा राठौर थाना क्षेत्र में जैतपुर के पास पहुंचा और बच्ची के परिजनों से दोबारा बात की। मांग नहीं माने जाने पर वह चंबल नदी के पुल पर चढ़ गया और पुल की जाली से लटककर नीचे कूदने की धमकी देने लगा।

सूचना मिलते ही उत्तरप्रदेश के खैरा राठौर और भिण्ड जिले के अटेर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों थानों के पुलिस अधिकारियों ने युवक से बातचीत कर उसे समझाया कि बच्ची को लेकर वह कानूनी प्रक्रिया के तहत अपना पक्ष रखे। करीब एक घंटे की समझाइश के बाद युवक शांत हुआ और पुल की जाली से हटकर सुरक्षित स्थान पर आ गया। पुलिस ने उसे समझाइश देकर घर भेज दिया। दोनों राज्यों की पुलिस के समय पर पहुंचने से बड़ा हादसा टल गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित