रायपुर , अक्टूबर 11 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार देर रात सक्ती जिले के दुर्लभ बीमारी से पीड़ित 10 वर्षीय रिमोन टंडन के उपचार के लिए मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत 12 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है।
आज मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, सक्ती जिले के डभरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम धुरकोट निवासी रिमोन टंडन 'आइसोलेटेड ग्रोथ हार्मोन की कमी (टाइप ए-1)' नामक दुर्लभ बीमारी से पीड़ित है। चिकित्सकों ने उसके उपचार के लिए विशेष चिकित्सा की आवश्यकता बताई है, जिस पर लगभग 12 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उपचार के लिए इतनी बड़ी राशि जुटाना मुश्किल हो रहा था।
रिमोन के पिता अजय कुमार टंडन खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटे की बीमारी और उपचार पर होने वाले खर्च को लेकर चिंतित अजय कुमार शनिवार को अपनी पत्नी और बेटे के साथ मुख्यमंत्री साय से मिलने पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चे के स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली तथा परिवार की आर्थिक स्थिति से अवगत होने के बाद तत्काल 12 लाख रुपये की सहायता स्वीकृत करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री साय ने शनिवार देर रात सीएम हाउस में रिमोन को गोद में उठाकर दुलारा और उसके माता-पिता को उपचार में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा, "यह केवल आपका नहीं, हमारा भी बेटा है। इसके स्वास्थ्य की चिंता करना हमारी भी जिम्मेदारी है। रिमोन के उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।"मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि आर्थिक कठिनाइयों के कारण किसी जरूरतमंद व्यक्ति का उपचार प्रभावित न हो। गंभीर और दुर्लभ बीमारियों से पीड़ित पात्र मरीजों को मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के माध्यम से आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।
रिमोन के पिता अजय कुमार टंडन ने सहायता स्वीकृत होने पर मुख्यमंत्री और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि खेती से होने वाली सीमित आय के कारण बेटे के इलाज के लिए 12 लाख रुपये की व्यवस्था करना उनके लिए संभव नहीं था। सरकार से मिली सहायता के बाद अब बेटे का आवश्यक उपचार कराने की उम्मीद बढ़ी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित