उज्जैन , अगस्त 06 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले की नागझिरी थाना पुलिस ने हाईवे पेट्रोलिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त महिंद्रा बोलेरो मैक्स पिकअप से प्याज के कट्टों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा दो क्विंटल 34 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार नागझिरी थाना पुलिस की मोबाइल टीम लालपुर-गरोठ हाईवे क्षेत्र में रोड पेट्रोलिंग तथा ट्रक कटिंग की घटनाओं की रोकथाम के लिए गश्त पर थी। गश्त से लौटते समय धतरावदा-लालपुर मार्ग पर एक महिंद्रा बोलेरो मैक्स पिकअप सड़क से नीचे उतरकर नाले में दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में मिली।

पुलिस ने वाहन की जांच की तो उसके पीछे नंबर प्लेट नहीं मिली, जबकि आगे पंजीयन क्रमांक पीबी-11-डीएन-2621 अंकित था। वाहन का अगला शीशा क्षतिग्रस्त था और पीछे तिरपाल से सामान ढंका हुआ था।

संदेह होने पर पुलिस ने वाहन में रखे प्याज के कट्टों की तलाशी ली। कट्टों के नीचे पीले रंग के प्लास्टिक के आठ बोरे छिपाकर रखे गए थे। एक बोरे की जांच करने पर उसमें डोडाचूरा मिला। सभी बोरों का वजन कराने पर उनमें कुल दो क्विंटल 34 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ढाई लाख रुपये आंकी गई। पुलिस ने अज्ञात चालक के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित