दुर्ग , सितंबर 30 -- छत्तीसगढ़ शासन ने हेमचंद यादव विश्वविद्यालय (दुर्ग विश्वविद्यालय) के कुलसचिव भूपेंद्र कुमार कुलदीप की पदस्थापना बदलते हुए उन्हें विश्वविद्यालय से हटा दिया है। उच्च शिक्षा विभाग की ओर से मंगलवार देर शाम जारी आदेश के अनुसार श्री कुलदीप को अब उच्च शिक्षा संचालनालय, इंद्रावती भवन, नवा रायपुर में पदस्थ किया गया है। श्री कुलदीप के स्थान पर शासकीय वी. वाई. टी. महाविद्यालय दुर्ग के इतिहास विभाग के प्राध्यापक डॉ. अनिल कुमार पांडेय को हेमचंद यादव विश्वविद्यालय का प्रभारी कुलसचिव नियुक्त किया गया है।
उल्लेखनीय है कि श्री कुलदीप के खिलाफ विश्वविद्यालय की एक दैनिक वेतनभोगी महिला कर्मचारी के वेतन से कथित तौर पर राशि लिए जाने के मामले में तीन अगस्त 2026 को मोहन नगर थाने में बीएनएस की धारा 316(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। विश्वविद्यालय में शिकायत सामने आने के बाद गठित तथ्य-संग्रह समिति की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की थी।
मामले में श्री कुलदीप पर महिला कर्मचारी के वेतन से राशि लेने और उसका एक हिस्सा उनके बेटे के खाते में स्थानांतरित करने के आरोप लगाए गए थे। प्रकरण में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद विश्वविद्यालय की कार्यपरिषद ने भी उनकी वित्तीय भूमिका को लेकर निर्णय लिया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित