दुर्ग , अक्टूबर 08 -- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के अंतर्गत राशन कार्डधारियों को वितरित किए जाने वाले सरकारी चावल की कथित अवैध खरीद-बिक्री और भंडारण के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 24 क्विंटल चावल जब्त किया है।
पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार, वैशाली नगर थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 19 स्थित राजीव नगर में कार्रवाई के दौरान सोहन चेलक (23) के मकान से 60 बोरियों में रखा सरकारी चावल बरामद किया गया। नागरिक आपूर्ति निगम के तकनीकी सहायक द्वारा जांच किए जाने पर जब्त चावल सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत पात्र परिवारों को वितरित किया जाने वाला सरकारी खाद्यान्न पाया गया।
मामले का खुलासा खाद्य विभाग को मिली शिकायत के आधार पर हुआ। विभाग को राजीव नगर क्षेत्र में सरकारी राशन के चावल की अवैध खरीद-बिक्री, अदला-बदली और भंडारण किए जाने की जानकारी मिली थी। शिकायत के बाद खाद्य निरीक्षक आशुतोष चंद्राकर ने 25 सितंबर को संबंधित दस्तावेजों सहित वैशाली नगर पुलिस को मामले से अवगत कराया। इसके आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने सोहन चेलक के मकान की तलाशी ली, जहां अलग-अलग 60 बोरियों में कुल 24 क्विंटल चावल रखा मिला। प्रत्येक बोरी में औसतन 40 किलो चावल पाया गया। इतनी बड़ी मात्रा में खाद्यान्न मिलने के बाद पुलिस ने उसके स्रोत और भंडारण के उद्देश्य की पड़ताल शुरू की।
बरामद चावल की वास्तविक पहचान सुनिश्चित करने के लिए नागरिक आपूर्ति निगम के तकनीकी सहायक से जांच कराई गई। जांच में पुष्टि हुई कि चावल सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से राशन कार्डधारियों को उपलब्ध कराया जाने वाला सरकारी खाद्यान्न है। इसके बाद पुलिस ने सभी 60 बोरियां जब्त कर सोहन चेलक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सरकारी राशन के चावल की अवैध खरीद-बिक्री और अदला-बदली में संलिप्त था। वह विभिन्न माध्यमों से चावल खरीदकर अपने मकान में जमा करता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सरकारी खाद्यान्न आरोपी तक किन लोगों के माध्यम से पहुंचा और इस गतिविधि में अन्य व्यक्तियों की भूमिका तो नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित