दुर्ग , जून 30 -- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस ने साइबर ठगी से जुड़े बैंक खातों के दुरुपयोग के मामले में 23 लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 15 आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि आठ लोगों को नोटिस देकर छोड़ दिया गया। पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार, ये लोग कथित तौर पर साइबर अपराधियों को अपने और अन्य व्यक्तियों के बैंक खाते उपलब्ध कराते थे, जिनका उपयोग ठगी से प्राप्त रकम के लेनदेन में किया जाता था। मामला छावनी थाना क्षेत्र का है।

पुलिस ने बताया कि बैंक खातों की जानकारी, तकनीकी इनपुट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर की गई जांच में सामने आया कि कुछ लोग कमीशन के बदले साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध करा रहे थे। इन खातों का उपयोग साइबर ठगी से हासिल धनराशि को एक खाते से दूसरे खाते में स्थानांतरित करने के लिए किया जाता था, जिससे वास्तविक आरोपियों तक पुलिस की पहुंच कठिन हो सके।

जांच में यह भी पता चला कि साइबर ठगी से प्राप्त रकम सबसे पहले इन तथाकथित "म्यूल अकाउंट्स" में जमा कराई जाती थी। इसके बाद आरोपित राशि को विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कर देते थे। पुलिस अब ऐसे बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले अन्य लोगों की भी पहचान करने में जुटी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित