दुर्ग , मई 30 -- ) छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्थित रिसाली नगर निगम के वार्ड क्रमांक 16 (बीआरपी कॉलोनी) के पार्षद विनय नेताम को पद से हटा दिया गया है।
इस संबंध में दुर्ग संभाग के आयुक्त एस.एन. राठौर ने 29 मई को आदेश जारी किया जिसकी सूचना आज मीडिया को दी गयी। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, नगर पालिक निगम रिसाली के आयुक्त द्वारा पार्षद विनय नेताम के विरुद्ध पद से पृथक किए जाने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया था। इसके समर्थन में निगम प्रशासन ने विस्तृत प्रतिवेदन भी संभागीय कार्यालय को भेजा था, जिसके आधार पर प्रकरण की सुनवाई की गई।
सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों के तर्क, दस्तावेजी साक्ष्य एवं अभिलेखों का परीक्षण किया गया। जांच में यह पाया गया कि संबंधित पार्षद ने अपने पदीय दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही बरती। साथ ही निगम मुख्यालय परिसर में संचालित आधार केंद्र में प्रवेश कर तोड़फोड़ करने तथा शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप भी प्रमाणित पाए गए।
संभागायुक्त ने उपलब्ध साक्ष्यों और विधिक प्रावधानों के परीक्षण के बाद विनय नेताम को पार्षद पद से हटाने का आदेश पारित किया है। आदेश के साथ ही उनका पार्षद पद समाप्त हो गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित