दुर्ग , जुलाई 27 -- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अलग-अलग जल हादसों में तीन युवाओं की डूबने से मौत हो गई।
पाटन क्षेत्र के जामराव एनीकेट में रविवार को खारून नदी में डूबे युवक का शव सोमवार सुबह राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम ने बरामद किया, वहीं पुलगांव थाना क्षेत्र की शिवनाथ नदी में शुक्रवार को डूबे दो किशोरों में से दूसरे किशोर का शव भी खोज निकाला।
दोनों घटनाओं में एसडीआरएफ की टीम ने लगातार तलाश और बचाव अभियान चलाया। तेज बहाव, गहराई और खराब परिस्थितियों के बीच एसडीआरएफ के जवानों ने अभियान पूरा किया।
पहली घटना पाटन क्षेत्र के जामराव एनीकेट की है। रायपुर के देवपुरी कमल विहार निवासी टोमेश ध्रुव (22) रविवार शाम अपने 11 दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने पहुंचा था। इस दौरान खारून नदी में नहाते समय वह तेज बहाव की चपेट में आ गया और गहरे पानी में डूब गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद अमलेश्वर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। कल देर रात तक युवक की तलाश की गई लेकिन अंधेरा और नदी के तेज बहाव के कारण अभियान रोकना पड़ा। आज सुबह दोबारा शुरू हुए रेस्क्यू ऑपरेशन में एसडीआरएफ के डीप डाइविंग विशेषज्ञों ने करीब 30 फुट गहराई से सुबह करीब 9:05 बजे टोमेश ध्रुव का शव बरामद किया।
वहीं दूसरा हादसा पुलगांव थाना क्षेत्र के छातागढ़ के पास पेपरछेड़ी-गनियारी स्थित शिवनाथ नदी में हुआ। यहां शुक्रवार शाम सात दोस्त जन्मदिन मनाने पहुंचे थे। नदी में नहाने के दौरान रेहान (14) और आरव बंजारे (13) तेज बहाव में बह गए।
एसडीआरएफ की टीम ने तलाश अभियान शुरू किया। कल रेहान का शव घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर बरामद कर लिया गया था, जबकि आरव बंजारे की तलाश जारी थी। सोमवार सुबह नगपुरा गांव के स्टॉप डैम में शव फंसे होने की सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और डीप डाइविंग के जरिए शव को बाहर निकाला।
मृतक की पहचान आरव बंजारे, निवासी बॉम्बे आवास, उरला (दुर्ग) के रूप में हुई। लंबे समय तक पानी में रहने के कारण शव क्षतिग्रस्त हो चुका था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित