दुर्ग , अप्रैल 26 -- ) छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्थित पुरैना क्षेत्र में तीन साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का प्रयास करने वाले नशेड़ी पड़ोसी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बच्ची को चॉकलेट का लालच देकर आरोपी ने ले जाकर एनएसपीसीएल ग्राउंड के पास हाथ-पैर बांध दिए थे। परिजनों ने देर शाम तक न लौटने पर तलाश शुरू की, तो बच्ची बंधी हुई मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को मौके से दबोच लिया। बच्ची को सुरक्षित बरामद कर डॉक्टरी जांच तथा उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया। प्रथम दृष्टया उसकी हालत सामान्य है, लेकिन जांच पूरी होने पर दुष्कर्म की पुष्टि होगी।
छावनी नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) प्रशांत सिंह पैकरा ने कहा, "मामला बेहद गंभीर है। निष्पक्ष जांच कर आरोपी पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।"गौरतलब है कि यह दुर्ग जिले में तीसरी ऐसी घटना है। बीते वर्ष पांच साल की मासूम पर हमला हुआ था, जबकि पखवाड़ा भर पहले ही उतई थाना क्षेत्र में भी इसी तरह की वारदात दर्ज हुई। बरहाल घटना के बाद से ही स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
वहीं ग्रामीणों का कहना है कि, ऐसी घटनाएं डरावनी हैं। बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित होनी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित